सीजफायर के कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान का उल्लंघन,राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में फिर से हमले

Front-Page Rajasthan

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम 5 बजे घोषित किए गए सीजफायर की घोषणा के महज तीन घंटे बाद ही पाकिस्तान ने इसका उल्लंघन कर दिया। जम्मू-कश्मीर में सीमा पार से फायरिंग की गई, जबकि राजस्थान के बाड़मेर में ड्रोन हमला भी किया गया।

राजस्थान के सीमावर्ती जिलों — बाड़मेर, बालोतरा, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, पाली, बीकानेर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर — में फिर से ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। इन इलाकों में आतिशबाजी और ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

सीमावर्ती जिलों में पहले लौटी थी रौनक

सीजफायर की घोषणा के बाद शनिवार शाम को राजस्थान के बॉर्डर वाले जिलों में जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा था। बाजार खुले, सड़कें आबाद हुईं और लोगों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। लेकिन कुछ ही घंटों में हालात फिर से तनावपूर्ण हो गए।

तीन दिन से जारी है पाकिस्तान का हमला

राजस्थान के सरहदी जिलों में पाकिस्तान बीते तीन दिनों से लगातार हमले कर रहा था। हालांकि भारतीय सुरक्षा बलों ने इन सभी हमलों को नाकाम किया। लगातार बढ़ते तनाव के मद्देनज़र रेलवे ने राजस्थान से चलने वाली 20 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं नागौर और हनुमानगढ़ में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

सीजफायर की घोषणा के बावजूद पाकिस्तान की कार्रवाई एक बार फिर क्षेत्र में शांति स्थापना की कोशिशों को झटका देती दिख रही है।