अलवर, रविवार। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने रविवार को अलवर के मोती डूंगरी में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार और नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकार “मात्र दिखावे की कार्रवाई” कर रही है।
जूली ने कहा कि कमजोर नशा-नियंत्रण नीति के कारण स्कूल और कॉलेज के छात्र तक नशे के चंगुल में फंस रहे हैं। उन्होंने कहा कि “प्रशासन केवल औपचारिकता निभा रहा है, जबकि असली नशा माफिया बेखौफ सक्रिय हैं।”
उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि “लूट, बलात्कार और हत्या जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं, और सरकार जनता की सुरक्षा के बजाय विज्ञापनों और प्रचार में व्यस्त है।”
जूली ने जैसलमेर बस हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि “सरकार हादसों के बाद मुआवजे की घोषणा कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेती है, लेकिन मूल कारणों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाती।” उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और नशे का संयुक्त प्रभाव युवाओं को भटका रहा है, जो आने वाले समय के लिए गंभीर चेतावनी है।
जूली ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इन मुद्दों को “सड़क से लेकर सदन तक” उठाएगी और जब तक नशा माफिया और अपराधियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को “सिर्फ जुमले और वादे” दिए हैं, जिससे हर वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
इससे पहले, जूली ने मोती डूंगरी कार्यालय पर दीपावली मिलन समारोह में भाग लिया, जिसमें हजारों की संख्या में ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जूली ने कहा कि “दीपावली सिर्फ दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि खुशियां बांटने और समाज में सकारात्मकता फैलाने का अवसर है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि “इस त्योहार पर जरूरतमंदों के जीवन में भी उजियारा फैलाने का संकल्प लें और पर्यावरण की सुरक्षा में भागीदार बनें।”

