जयपुर के किशनगढ़-रेनवाल में रेस्टोरेंट में सिलेंडर ब्लास्ट,एक की मौत,दो घायल — धमाके से गिरी बिल्डिंग की छत

Jaipur Rajasthan

जयपुर, रविवार। राजस्थान के किशनगढ़-रेनवाल इलाके में रविवार दोपहर एक रेस्टोरेंट में रखे एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया। तेज धमाके के बाद बिल्डिंग का हिस्सा ढह गया और उसमें आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना दोपहर करीब 3 बजे की है, जब रेलवे फाटक के पास स्थित दो मंजिला इमारत के पहले माले पर मिठाई का कारखाना और नीचे राजस्थान रेस्टोरेंट चल रहा था। दीपावली के अवसर पर मिठाई और भोजन तैयार करने के दौरान सिलेंडर में अचानक धमाका हुआ।

दो जोरदार धमाके, मलबे में दबे लोग
थानाधिकारी देवेंद्र चावला ने बताया कि विस्फोट के साथ ही कारखाने की छत टूटकर नीचे गिर गई। पहली मंजिल पर काम कर रहा हलवाई नीचे आ गिरा और मलबे में दब गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

45 मिनट चला रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलिस और SDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। रेनवाल मिनी बाइपास को बंद कर आग पर काबू पाया गया। मलबे में दबे दो युवकों — अनुज और दिवांश — को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दिवांश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अनुज की हालत गंभीर बताई गई है।

करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद एक और व्यक्ति — हलवाई किशन कुमार (32), निवासी कन्नौज (उत्तर प्रदेश) — को मलबे से निकाला गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

कारणों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट के अंदर दो सिलेंडर रखे हुए थे। पहला सिलेंडर फटने के बाद दूसरे में भी विस्फोट हुआ। हालांकि, समय रहते अन्य गैस सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया गया।

सीओ खलील अहमद ने बताया कि फिलहाल ब्लास्ट के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद एहतियातन इमारत की लटकी छत को जेसीबी से गिरा दिया गया, ताकि कोई और दुर्घटना न हो।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के लोगों ने बताया कि मलबा करीब 30 फीट दूर तक बिखर गया था।