अमित शाह ने बिहार में राजद पर साधा निशाना,बोले –”तेजस्वी बने तो लौट आएगा जंगलराज”

Front-Page National Politics

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बिशुनपुर सरैया में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि बिहार की जनता का वोट राज्य को फिर से जंगलराज से बचाने वाला होगा।

अमित शाह ने कहा, “ये लोग कपड़े और चेहरे बदलकर फिर जंगलराज लाने की कोशिश करेंगे। इन्हें वापस आने मत देना। अगर लालू यादव के बेटे तेजस्वी मुख्यमंत्री बने तो बिहार में अपहरण, रंगदारी और खून-खराबे को बढ़ावा देने वाले तीन नए मंत्री बनेंगे।”

शाह ने आगे कहा कि राजद को इस बात से दिक्कत है कि केंद्र सरकार महिलाओं को आर्थिक सहायता दे रही है। उन्होंने कहा, “किसी में इतना दम नहीं कि वह हमें महिलाओं को मिलने वाले पैसे रोकने पर मजबूर कर सके।”

इधर, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने आरोप लगाया है कि शनिवार को बक्सर के डुमरांव में चुनाव प्रचार के दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर हमला किया।

मनोज तिवारी के मुताबिक, “राजद समर्थकों ने नारेबाजी शुरू की, फिर हमारी गाड़ी पर पार्टी का झंडा लगाने की कोशिश की। जब हमने विरोध किया, तो उन्होंने गालियां दीं और हमारी गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की।”