राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला: “56 इंच की छाती वाला डरपोक,इंदिरा में था ज़्यादा दम”

Front-Page National Politics

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को बिहार के बेगूसराय में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “56 इंच की छाती वाला डरपोक है। गांधी जी की छाती बड़ी नहीं थी, लेकिन वे किसी से डरते नहीं थे। इंदिरा गांधी भी निडर थीं।”

राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार डर के साए में काम कर रही है। उन्होंने कहा, “मोदी जी ट्रम्प से डरते हैं। ट्रम्प ने खुद 50 बार कहा है कि उसने मोदी को झुका दिया। इंदिरा गांधी ने अमेरिका को चुप कराया था, लेकिन मोदी ट्रम्प के सामने चुप रहे। ट्रम्प ने कहा कि उसने फोन कर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रुकवाया और मोदी जी कुछ बोले भी नहीं।”

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “मोदी सिर्फ ट्रम्प से नहीं, बल्कि अडाणी और अंबानी से भी डरते हैं। चुनाव तक वो जो भी कहेंगे, मोदी वो करेंगे। चुनाव के बाद न आएंगे, न कुछ करेंगे।”

राहुल गांधी ने व्यंग्य करते हुए कहा, “अगर आप मोदी जी से कहो कि योग के तीन आसन करो, तो वो करेंगे। कहो डांस करो, हम जिताएंगे — तो वो डांस भी करने लगेंगे।”

“दुबई बना सकते हैं तो बिहार क्यों नहीं”

युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, “बिहार के लोग पूरे देश और विदेश में मेहनत कर रहे हैं। दुबई जैसे शहर आपने अपने खून-पसीने से बनाए हैं। जब आप दुबई और बेंगलुरु बना सकते हैं तो बिहार में ऐसा क्यों नहीं कर पाते?”

उन्होंने कहा कि एक समय था जब नालंदा विश्वविद्यालय विश्वभर में शिक्षा का केंद्र था, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। “अब बिहार की यूनिवर्सिटी के बारे में लोग कहते हैं कि यहां पेपर लीक होता है, सेटिंग वाले पास होते हैं और बाकी छात्र देखते रह जाते हैं,” राहुल ने कहा।