जयपुर, 13 नवंबर 2025
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और पर्यटन व कला एवं संस्कृति मंत्री दिया कुमारी ने कहा है कि “घूमर केवल एक नृत्य नहीं, बल्कि राजस्थान की आत्मा है”। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार पहली बार राज्यव्यापी ‘घूमर फेस्टिवल 2025’ का आयोजन 19 नवंबर को कर रही है, जो एक साथ सातों संभाग मुख्यालयों — जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, कोटा और भरतपुर में भव्य रूप से आयोजित होगा।
पर्यटन भवन, जयपुर में आयोजित पोस्टर विमोचन समारोह में दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान अपनी सांस्कृतिक धरोहर और लोक परंपराओं के संरक्षण के लिए नए कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा, “यह आयोजन राजस्थान की नारीशक्ति और लोकसंस्कृति का उत्सव है, जो हमारी कला, परंपरा और आत्मा की अभिव्यक्ति बनेगा।”
जयपुर में राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन विद्याधर नगर स्टेडियम के फुटबॉल ग्राउंड पर दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक होगा। यहां पारंपरिक लोकसंगीत पर कलाकार ‘गणगौर घूमर डांस अकादमी’ के निर्देशन में मनोहारी नृत्य प्रस्तुत करेंगे। सभी सातों संभागों में एक साथ प्रस्तुति के लिए एक विशेष साउंड ट्रैक भी तैयार किया गया है।
इस फेस्टिवल में 12 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाएं और सभी आयु वर्ग की महिलाएं भाग ले सकती हैं। प्रतिभागियों के लिए फ्री वर्कशॉप्स आयोजित की जा रही हैं — जयपुर में यह वर्कशॉप 11 से 16 नवंबर तक जवाहर कला केंद्र (जेकेके) में चल रही है।
पंजीकरण ghoomar.rajasthan.gov.in वेबसाइट पर नि:शुल्क किया जा सकता है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले समूहों को बेस्ट ग्रुप डांस, बेस्ट कॉस्ट्यूम, बेस्ट ज्वेलरी, बेस्ट सिंक्रोनाइजेशन और बेस्ट कोरियोग्राफी जैसी श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
पोस्टर विमोचन समारोह के दौरान दिया कुमारी ने राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत और पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ के साथ श्री गणेश भित्ति चित्र पूजन भी किया।
इससे पूर्व, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जयपुर के भाटिया भवन, राजपार्क में आयोजित ‘महिला सम्मेलन’ को भी संबोधित किया। यह कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुआ।
उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया — “वोकल फॉर लोकल अपनाएं, स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें।”
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जी का सपना है कि देश की हर महिला आत्मनिर्भर बने। आज सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है।”
दिया कुमारी ने महिलाओं को 19 नवंबर को होने वाले घूमर फेस्टिवल में भाग लेने का निमंत्रण भी दिया, ताकि नई पीढ़ी राजस्थान की सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ सके।
कार्यक्रम के दौरान ‘घूमर 2025’ का पोस्टर विमोचन किया गया और दिल्ली ब्लास्ट में मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
अंत में दिया कुमारी ने सभी उपस्थित महिलाओं को भारत माता के सम्मान और सेवा का संकल्प दिलाया और कहा — “प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तेजी से बदल रहा है, और जल्द ही हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया में नंबर वन बनेगी।”
इस मौके पर सांसद मंजू शर्मा, महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

