दिल्ली/जयपुर — राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस द्वारा आयोजित स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न (SIR) से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जूली ने साफ किया कि पार्टी यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि सूची में कोई फर्जी नाम शामिल न हो और किसी वैध मतदाता का नाम न हटे। उन्होंने कहा कि चल रही SIR प्रक्रिया पर पार्टी की कड़ी नजर है और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा को लेकर कांग्रेस पूरी तरह संकल्पबद्ध है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में वोट चोरी रोकने के लिए पार्टी के BLA, पदाधिकारी और कार्यकर्ता सतर्कता के साथ काम कर रहे हैं। जूली ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि हर पात्र नागरिक का नाम सुरक्षित रहे और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से पूरी हो, जिसमें किसी तरह की गड़बड़ी या दबाव की कोई गुंजाइश न रहे।

