जयपुर।नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पिछले दिनों में प्रदेश में हुई भीषण सड़क दुर्घटनाओं में हताहत और घायल हुए व्यक्तियों को राज्य सरकार द्वारा अभी तक सहायता राशि नहीं दिये जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
जूली ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि सरकार को मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसा देखा गया है कि इन हादसों के बाद पीड़ित परिवारों को दी जाने वाली सरकारी सहायता राशि विलम्ब से दी जाती है, इसके लिए पीड़ित परिवारों को लम्बे समय तक सरकारी विभागों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
जूली ने बताया कि 03 नवम्बर को हरमाडा में डम्पर से कुचलकर हताहत हुए लोगों के परिजनों को अभी तक राज्य सरकार द्वारा मुआवजा नहीं दिया गया है, उनके परिवारों को विभागीय अधिकारियों द्वारा एवं पात्र परिवारों को आयुष्मान (चिरंजीवी) दुर्घटना बीमा योजना के माध्यम से सहायता राशि प्रदान किये जाने बाबत् कहा गया है, जो कि न्यायोचित नहीं है।
जूली ने सरकार से आग्रह किया है कि ऐसे दुःखद प्रकरणों में सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और अविलम्ब सभी पीड़ित परिवारों को जैसलमेर और मतोड़ा हादसे की भांति यथाशीघ्र मुआवजा राशि जारी करनी चाहिए।

