गृह राज्य मंत्री बेढम का पलटवार:‘CM भजनलाल शर्मा का विकास गहलोत को नहीं पच रहा;कांग्रेस राज में जंगलराज,दो साल में अपराधों में आई कमी’

Jaipur Politics Rajasthan

जयपुर,13 दिसम्बर 2025। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गलत तथ्यों पर आधारित बयान जारी कर राजस्थान की जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया है। गृह राज्य मंत्री ने कहा है कि दो वर्षों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में विकास हुआ है। यह विकास पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पच नहीं रहा है।

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एनसीआरबी के आंकड़े नहीं देखे हैं। क्योंकि इनके राज में प्रदेश में जंगलराज था और हमारी सरकार के दो वर्षों में सभी प्रकार के अपराधों में लगभग 13 प्रतिशत की कमी आई है। प्रदेश में उद्योग स्थापित हुए हैं और राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ रूपए के एमओयू किए हैं। 92000 लोगों को सरकारी नौकरियां दी हैं।

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा है कि हमारी सरकार में देश विदेश के प्रवासी राजस्थानियों को आमंत्रित कर प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन किया। जिससे प्रदेश के विकास को गति मिलेगी। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए। उन्हें सोशल मीडिया और अखबारों में भ्रामक जानकारी देना शोभा नहीं देता। कांग्रेस वैसे भी अप्रासंगिक हो रही है और लोग कांग्रेस को पसंद नहीं करते।