राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जयपुर में ‘MY Bharat–MY Vote’ पदयात्रा,सांसद मंजू शर्मा ने मतदान को बताया विकसित भारत की नींव

Jaipur Rajasthan

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) राजस्थान, जयपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा एस.एस. जैन सुबोध कॉलेज, जयपुर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पदयात्रा / संडेज़ ऑन साइकिल – 2026 का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयपुर की सांसद मंजू शर्मा रहीं। शर्मा ने युवाओं से निर्भीक, निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में युवाओं की सक्रिय भूमिका राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।

कार्यक्रम में उपस्थित एक दिव्यांग तरुण ने बताया कि वे हमेशा अपने मत का प्रयोग करते हैं, और आप सभी को अपने मत का प्रयोग अवश्य ही करना चाहिए। मंजू शर्मा ने कहा कि ये आप सभी युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं कि जब ये इतनी मुश्किलों के बावजूद मतदान करते हैं तो आप सभी को आवश्यक रूप से मतदान करना ही चाहिए और विकसित भारत में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। पदयात्रा एवं संडेज़ ऑन साइकिल कार्यक्रम हेतु माय भारत के प्रयास की उन्होंने सराहना की।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य “MY Bharat – MY Vote” के माध्यम से युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना जाग्रत करना तथा उन्हें सक्रिय, जागरूक और जिम्मेदार मतदाता के रूप में सशक्त बनाना रहा।

इस राष्ट्रव्यापी पहल के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों, स्कूल, कालेज, एन एस एस अन्य संस्थाओं और यूथ क्लबों के युवाओं के साथ साइकिलिस्टों ने भी भाग लिया। प्रथम बार मतदान करने वाले करीब 100 युवा भी इसमें शामिल हुए, जिन्हें माय भारत की तरफ से बैज लगाकर, कैप, टी शर्ट पहनाकर और फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया। पिंक टीशर्ट पहनाकर प्रथम बार मतदान करने वाली युवतियों को विशेष तौर सम्मानित कर प्रेरित किया गया। पदयात्रा एवं साइकिल रैली के माध्यम से मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण तथा लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े संदेशों के साथ फिट इंडिया हिट इंडिया और स्वस्थ भारत – सशक्त भारत व विकसित भारत का संदेश भी दिया गया।

स्वागत संबोधन कृष्ण लाल पारचा, राज्य निदेशक, मेरा युवा भारत – राजस्थान द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना, मतदाता पंजीकरण तथा मतदाता विवरण में सुधार हेतु प्रोत्साहित करना तथा जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना शामिल है। पदयात्रा / संडेज़ ऑन साइकिल के माध्यम से सामूहिक नागरिक सहभागिता और मतदाता जागरूकता संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। मतदान केवल अधिकार नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व है।

प्रथम बार वोट देने वाले युवाओं की सहायता हेतु सुविधा डेस्क लगवाया गया, साइन वॉल लगाया गया, पिंक टीशर्ट व कैप, 18+ वोट का ड्रोन शॉट, पदयात्रा, साइकिल रैली, वोटर सेल्फी प्वाइंट एवं दिव्यांग वोटर अनुभव साझा करने जैसे नवाचारों के साथ इस कार्यक्रम में नए युवा मतदाताओं को मतदान हेतु प्रेरित किया गया।

पदयात्रा / साइकिल रैली एस.एस. जैन सुबोध कॉलेज से रवाना होकर रामबाग़ सर्कल, बिड़ला मंदिर, गणेश मंदिर, रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया चौराहे से होते हुए वापस एस.एस. जैन सुबोध कॉलेज, जयपुर में समाप्त हुई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं और अन्य सभी अधिकारियों और सहयोगियों को मुख्य अतिथि द्वारा मतदाता शपथ भी दिलाई गई, जिसमें उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, निष्पक्ष मतदान तथा जिम्मेदार नागरिकता के निर्वहन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रेणु जोशी, प्राचार्य, एस.एस. जैन सुबोध कॉलेज, जयपुर द्वारा किया गया।

मेरा युवा भारत – राजस्थान द्वारा आयोजित यह आयोजन युवाओं को लोकतंत्र के सशक्त संवाहक के रूप में आगे लाने की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ। इस कार्यक्रम में एस पी भटनागर, क्षेत्रीय निदेशक, कृष्ण लाल राज्य निदेशक, डॉ रेणु जोशी, प्राचार्य, एस एस जैन सुबोध पी जी कॉलेज, रितु रानी, उपनिदेशक, प्रदीप कुमार, सहायक निदेशक, दिनेश गुप्ता, राज्य नोडल अधिकारी, गोपाल शरण, जिला एन एस एस समन्वयक, रणजीत मान, सहायक निदेशक, साई, विशाल गौतम, एन एस एस कोऑर्डिनेटर, साइकिल एसोसिएशन से गणेश, गुलशन कुमार, ए एस ओ, सुरेंद्र शर्मा, ए पी एस, त्रिलोक चौधरी, ए पी एस, ईश्वर, ए पी एस, प्रहलाद सैनी ए पी एस शामिल हुए।