खाटूश्यामजी में मासिक मेला और नववर्ष की तैयारियां पूरी,प्रशासन अलर्ट

Rajasthan Rajasthan-Others

सीकर जिले के खाटूश्यामजी धाम में दो दिवसीय मासिक मेले और नववर्ष को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एकादशी, द्वादशी और नववर्ष के अवसर पर तीन दिनों तक श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आमद की संभावना को देखते हुए प्रशासन और श्री श्याम मंदिर समिति पूरी तरह सतर्क है।

प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के पट 24 घंटे खुले रहेंगे। दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए रींगस रोड डाइवर्जन से विद्युत ग्रिड, चारण मेला मैदान और लखदातार मेला मैदान होते हुए नए 40 फीट मार्ग से 75 फीट चौड़े रास्ते पर 14 कतारों में दर्शन की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब तीन हजार पुलिसकर्मी, आरएसी, होमगार्ड्स और निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। पूरे परिसर और प्रमुख मार्गों पर लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है।

मंदिर समिति ने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन विशेष फूलों से बाबा श्याम का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। प्रशासन और मंदिर समिति को उम्मीद है कि श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित दर्शन की सुविधा मिलेगी।