भारत–जर्मनी संबंधों को नई गति,मोदी–मर्ज़ वार्ता में रक्षा,व्यापार और तकनीक पर सहमति

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ़्रेडरिख़ मर्ज़ के बीच सोमवार को गुजरात के गांधीनगर में द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने भारत–जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने, रक्षा-सुरक्षा, व्यापार, तकनीक, हरित ऊर्जा और शिक्षा में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और जर्मनी करीबी सहयोगी हैं और भारत में 2,000 से अधिक जर्मन कंपनियों की मौजूदगी जर्मनी के भरोसे को दर्शाती है। दोनों देशों ने नए समझौतों (MoU) के ज़रिए रक्षा उद्योग सहयोग, सेमीकंडक्टर, डिजिटल तकनीक, हरित हाइड्रोजन और नवीकरणीय ऊर्जा में साझेदारी बढ़ाने का निर्णय लिया।

यह चांसलर मर्ज़ की भारत की पहली और एशिया की पहली आधिकारिक यात्रा है। यात्रा ऐसे समय हुई है जब दोनों देश 2025 में रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष और 2026 में राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे कर रहे हैं। दोनों नेताओं ने साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी, अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में हिस्सा लिया और भारत-जर्मनी CEO फ़ोरम को संबोधित किया।

दोनों पक्षों ने आतंकवाद की कड़ी निंदा की, यूक्रेन और पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जताई और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। साथ ही, भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने के समर्थन की पुष्टि की गई।