मकर संक्रांति पर जलमहल में पतंग महोत्सव,CM भजनलाल शर्मा ने उड़ाई पतंग

Jaipur Rajasthan

मकर संक्रांति के अवसर पर जयपुर के ऐतिहासिक जलमहल की पाल पर आयोजित पतंग महोत्सव में रंग, परंपरा और पर्यटन का संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पतंग उड़ाकर महोत्सव का शुभारंभ किया और ऑपरेशन सिंदूर थीम पर आधारित पतंगों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पतंग उत्सव जैसे आयोजन राजस्थान की समृद्ध लोकसंस्कृति, रचनात्मकता और सामाजिक चेतना को मज़बूती देने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राज्य के सभी सात संभागों के साथ-साथ जैसलमेर और माउंट आबू में भी पतंग महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी भी शामिल रहीं और उन्होंने स्वयं पतंग उड़ाकर उत्सव की खुशियों को साझा किया। देश-विदेश से आए पर्यटकों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन जयपुर और राजस्थान को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त बनाते हैं।

जलमहल की पाल पर रंग-बिरंगी पतंगें, लोकसंगीत, पारंपरिक वेशभूषा और पर्यटकों की मौजूदगी ने मकर संक्रांति 2026 को एक यादगार उत्सव में बदल दिया। कार्यक्रम में विधायक बालमुकुंदाचार्य, पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, देशी-विदेशी पर्यटक और बड़ी संख्या में आमजन भी मौजूद रहे।