जयपुर में 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बड़ी चौपड़ पर ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला।
टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में संविधान को कमजोर किया जा रहा है और स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है और एसआईआर के नाम पर लोगों के वोट काटे जा रहे हैं।
जूली ने कहा कि सरकार की नीतियां केवल कुछ खास लोगों और मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं। उन्होंने धर्म और राजनीति के मुद्दे पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग अब शंकराचार्य जैसी धार्मिक हस्तियों को भी नहीं बख्श रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सनातन परंपरा में सर्वोच्च स्थान रखने वाले शंकराचार्यों से भी आज ‘सर्टिफिकेट’ मांगा जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पूजा करनी थी वे राजनीति कर रहे हैं और जिन्हें राजनीति करनी थी वे पूजा में लगे हुए हैं।
आर्थिक मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए जूली ने कहा कि रुपये की स्थिति कमजोर हुई है, रोजगार और किसानों की आय से जुड़े वादों पर सरकार चुप है और किसान आत्महत्या कर रहे हैं।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे सत्ताधारी दल उसी डाल को काट रहा है, जिस पर वह खुद बैठा है।

