जयपुर, 27 जनवरी। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राजस्थान ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की भावी ऊर्जा आवश्यकताओं को देखते हुए वितरण, प्रसारण तथा उत्पादन, प्रदेश में विद्युत तंत्र के इन तीनों आयामों को लगातार सशक्त किया जा रहा है। इसी का नतीजा है कि बैंकिंग व्यवस्था समाप्त करने के बावजूद गत वर्ष रबी के सीजन में राज्य सरकार ने पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की और इस साल भी किसानों को आवश्यकता के अनुरूप बिजली उपलब्ध है ।
नागर मंगलवार को विद्युत भवन में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुसुम योजना के माध्यम से लगभग 2900 मेगावाट क्षमता के विकेन्द्रित सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनसे उपलब्धता बेहतर हुई है। उत्पादन निगम के माध्यम से 6 हजार मेगावाट ऑवर बैटरी स्टोरेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है। अब इसका प्रभाव यह होगा कि विद्युत तंत्र के पास भविष्य में आपूर्ति के लिए पर्याप्त बिजली की उपलब्धता रहेगी। यह सरकार की दूरगामी नीतियों का परिणाम है।
नागर ने इस दौरान प्रदेश में किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार 22 जिलों में किसानों को सिंचाई के लिए दिन के दो ब्लॉक में बिजली दे रही है। निर्देश दिए कि तीनों वितरण निगमों में विद्युत तंत्र को मजबूती प्रदान कर शेष जिलों में भी दिन में आपूर्ति प्रारंभ करने की दिशा में चरणबद्ध रूप से आगे बढ़ा जाए। इसके लिए प्रसारण क्षमता में वृद्धि करें और बजट में घोषित जीएसएस निर्माण कार्यों को गति दें।
ऊर्जा मंत्री ने जयपुर विद्युत वितरण निगम में किए जा रहे विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर, ग्रिड सब स्टेशन आदि के डिजिटाइजेशन के कार्य की सराहना की। उल्लेखनीय है कि रॉकफेलर फाउंडेशन तथा ग्लोबल एनर्जी एलायंस फॉर पीपुल एंड प्लेनेट के माध्यम से यह कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विभिन्न एमओयू के माध्यम से विकसित की जा रही उत्पादन परियोजनाओं की प्रगति पर भी समीक्षा की।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा अजिताभ शर्मा ने बताया कि राज्य की दीर्घकालिक ऊर्जा आवश्यकताओं के अनुरूप बैटरी एनर्जी स्टोरेज, अक्षय ऊर्जा तथा परम्परागत परियोजनाओं के एनर्जी मिक्स पर फोकस किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत अन्य राज्यों के अनुभवों के आधार पर पोर्टफोलियो मैनेजमेंट तैयार किया जाएगा।
चेयरमैन डिस्कॉम्स आरती डोगरा ने पीएम कुसुम, आरडीएसएस योजना, बजट घोषणाओं, कृषि कनेक्शनों की प्रगति आदि से संबंधित तीनों डिस्कॉम्स का प्रस्तुतीकरण दिया। ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध निदेशक ओम कसेरा ने टेंडर के माध्यम से विद्युत खरीद, उत्पादन निगम के सीएमडी देवेन्द्र श्रृंगी ने भावी ऊर्जा परियोजनाओं तथा प्रसारण निगम के निदेशक (ऑपरेशन) सुरेश मीणा ने प्रसारण तंत्र से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया।

