जयपुर में एनएसयूआई राजस्थान की ओर से नशामुक्ति जनजागरण अभियान ‘युवाओं का युद्ध–ड्रग्स के विरुद्ध’ के तहत विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी (VGU), जगतपुरा में छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि नशा आज युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। उन्होंने कहा, “नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला करता है। अगर युवा जागरूक रहें और नशे से दूर रहें, तो देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। इसके खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करना समय की जरूरत है।”
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि संगठन हर कॉलेज, विश्वविद्यालय और गांव तक नशे के खिलाफ अभियान चलाएगा। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, संघर्ष और संगठन को ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी मानने की अपील की और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
इससे पहले सचिन पायलट जयपुर देहात (पश्चिम) जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के पदभार ग्रहण और कार्यालय उद्घाटन समारोह में भी शामिल हुए, जहां प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

