राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, सूचना के आधार पर टीम ने बालोतरा जिले के सिवाना थाना क्षेत्र में एक खेत पर छापा मारा, जहां सब्जियों और अन्य फसलों के बीच छिपाकर अफीम की खेती की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान खेत से करीब 2428 अफीम के पौधे बरामद कर नष्ट किए गए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से नशे का आदी था और मुनाफे के लालच में स्वयं अफीम की खेती कर रहा था। बताया गया कि उसने इंटरनेट के माध्यम से खेती के तरीके सीखकर खेत में गुप्त रूप से फसल तैयार की थी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फसल लगभग तैयार होने की स्थिति में थी और इससे बड़ी मात्रा में अफीम और डोडा पोस्ट मिलने की आशंका थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
ANTF ने बताया कि कई महीनों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी और विस्तृत निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी सूचना को साझा करें, ताकि नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

