अमित शाह ने असम में असम पुलिस की 10वीं बटालियन मुख्यालय की आधारशिला रखी,विकास और सुरक्षा पर जोर

Front-Page National

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने असम के कामरूप में असम पुलिस की 10वीं बटालियन के मुख्यालय की आधारशिला रखी और एक जनसभा को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में असम में विभिन्न क्षेत्रों में विकास हुआ है और अगले पांच वर्षों में राज्य पूर्वी तथा पूर्वोत्तर भारत का औद्योगिक केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर कार्यक्रम आयोजित हुआ, उसे अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है और यह पहले सुरक्षा की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र माना जाता था। प्रस्तावित मुख्यालय लगभग 124 बीघा क्षेत्र में विकसित होगा, जिसमें आवासीय एवं संचालन संबंधी सुविधाएं, बैरक, प्रशिक्षण केंद्र, अस्पताल, फायरिंग रेंज, आधुनिक निगरानी केंद्र और खेल परिसर शामिल होंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौर में घुसपैठ और अतिक्रमण की समस्या बढ़ी, जिससे राज्य की जनसांख्यिकीय स्थिति, भूमि और सांस्कृतिक आधार पर प्रभाव पड़ा। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने बड़ी मात्रा में भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है और कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए कदम उठाए हैं।

शाह ने यह भी कहा कि सरकार पूर्वोत्तर को प्राथमिकता दे रही है और क्षेत्र में शांति समझौतों, बुनियादी ढांचे, रोजगार और शिक्षा से जुड़े कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने नक्सलवाद और घुसपैठ की चुनौतियों से निपटने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सुरक्षा और विकास साथ-साथ आगे बढ़ेंगे।