राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
जयपुर सचिवालय में आयोजित समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) की समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रदेश की सभी आंगनबाड़ियों में पेयजल, बिजली कनेक्शन और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के तेजी से विकास पर जोर दिया। बैठक में प्रमुख शासन सचिव भवानी सिंह देथा और आईसीडीएस निदेशक वासुदेव मालावत समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कर उन्हें लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया और अन्य योजनाओं में भी उत्कृष्ट कार्य करने को कहा।
उन्होंने प्रेरणा अभियान 2.0 की प्रगति पर संतोष जताते हुए बताया कि पोषण ट्रैकर पर लाभार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही जून 2026 तक पंजीकृत लाभार्थियों में से 75% की आभा आईडी और 50% की अपार आईडी दर्ज करने के लिए विशेष रणनीति के तहत काम करने के निर्देश दिए गए।
इससे पहले, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी जयपुर के जय क्लब में आयोजित ढूंढाड़ परिषद के 13वें विशाल फागोत्सव ‘ढूँढाड़ की धमाल’ में भी शामिल हुईं। उन्होंने होली के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोक संगीत, फाग गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और सामाजिक समरसता का प्रतीक हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, जहां पारंपरिक फाग गीतों और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उत्सव का माहौल बनाया।

