जोधपुर में MBM विश्वविद्यालय का तीसरा दीक्षांत समारोह,राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने युवाओं को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

Rajasthan


एमबीएम विश्वविद्यालय, जोधपुर में गुरुवार को तृतीय दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत केवल शिक्षा का अंत नहीं, बल्कि जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान का उपयोग राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए करें।

उन्होंने कहा कि सपनों को साकार करने के लिए कठिन परिश्रम आवश्यक है और युवाओं को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। इस दौरान उन्होंने स्वामी विवेकानंद और ए. पी. जे. अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं को प्रेरित किया।

राज्यपाल ने तकनीकी शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला होते हैं। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), 5जी तकनीक, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष अनुसंधान और स्टार्टअप संस्कृति जैसे क्षेत्रों में नवाचार और शोध को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। साथ ही ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्टैंडअप इंडिया’ जैसी पहलों में युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग मानव कल्याण के लिए होना चाहिए और एआई मानव मस्तिष्क का स्थान नहीं ले सकती। ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार और पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए उन्होंने सौर ऊर्जा के साथ प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता जताई।

समारोह में कुल 645 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं, जबकि 15 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक दिए गए।

इससे पहले राज्यपाल के जोधपुर आगमन परजोधपुर हवाई अड्डा पर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका स्वागत किया गया, जहां जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।