राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजस्थान दिवस के अवसर पर अजमेर और ब्यावर जिले का दौरा कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अजमेर में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में उन्होंने बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं और ग्रीष्मकालीन तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का असर धरातल पर दिखना चाहिए और योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचे। उन्होंने समयबद्ध क्रियान्वयन और कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग पर जोर दिया। इस दौरान भजनलाल शर्मा द्वारा शुरू किए गए ‘मुख्यमंत्री विकसित ग्राम एवं शहरी वार्ड अभियान’ में भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागीदारी की गई।
उप मुख्यमंत्री ने लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत निवेश परियोजनाओं को शीघ्र जमीन पर उतारने और औद्योगिक विकास को गति देने पर भी जोर दिया।
ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पेयजल आपूर्ति और समर कंटीजेंसी प्लान की तैयारियों की समीक्षा की तथा संभावित जल संकट वाले क्षेत्रों में समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एलपीजी और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी बनाए रखने को कहा।
बैठक में ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना, हरित विकास, पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर दिया गया।
इसके बाद ब्यावर दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने एक अन्य समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सड़क निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंच गौरव कैलेंडर का विमोचन किया गया। साथ ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से 20 दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की गई, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
इस दौरान जनप्रतिनिधि, प्रभारी सचिव, जिला कलेक्टर सहित प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर में सुधार लाने और विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

