रघु शर्मा का आरोप—राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाएं प्राथमिकता से बाहर,योजनाएं ठप

Jaipur Rajasthan

जयपुर: राजस्थान के पूर्व चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ने राज्य की मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकताओं में नहीं हैं। उन्होंने जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान यह आरोप लगाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नि:शुल्क दवा, नि:शुल्क जांच और कैशलेस इलाज जैसी योजनाओं के जरिए चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत किया गया था, जिससे राजस्थान स्वास्थ्य क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ।

रघु शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे नहीं बढ़ा पा रही है और कई परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं। उन्होंने जयपुर के एसएमएस अस्पताल के आईपीडी टावर और सांगानेरी गेट स्थित महिला अस्पताल की परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनका काम अब तक पूरा नहीं हो सका है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान कई जिलों में मेडिकल कॉलेज खोले गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार नए जिलों में इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

आरजीएचएस योजना को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बजट की कमी और बकाया भुगतान के चलते इस योजना के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं। निजी अस्पतालों द्वारा इलाज बंद करने की चेतावनी को उन्होंने गंभीर बताया।

इसके अलावा, उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में स्टाफ की कमी, उपकरणों की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि वह स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए क्या कदम उठा रही है।