राजस्थान में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई:24 घंटे में करीब 3 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त

Jaipur Rajasthan

राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 24 घंटों में पांच अलग-अलग ऑपरेशन में भारी मात्रा में ड्रग्स जब्त किए हैं।

विकास कुमार के अनुसार, इन कार्रवाइयों में करीब 19.50 क्विंटल डोडा-पोस्त और लगभग 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

उन्होंने बताया कि लगातार चल रही इस मुहिम के तहत जोधपुर ग्रामीण, भीलवाड़ा, बीकानेर और जयपुर जिलों में एक ही दिन में पांच सफल ऑपरेशन किए गए। इन कार्रवाइयों में कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।

जोधपुर में सबसे बड़ी कार्रवाई के दौरान एक ट्रक से करीब 19 क्विंटल डोडा-पोस्त जब्त किया गया। वहीं भीलवाड़ा में बस स्टैंड पर दो लोगों को पकड़कर 45 किलो से ज्यादा डोडा-पोस्त बरामद किया गया।

बीकानेर और जयपुर में भी अलग-अलग स्थानों से गांजा और डोडा-पोस्त जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

विकास कुमार ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि इस तरह की गतिविधियों की जानकारी साझा करें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।