कर्नाटक के मांड्या में पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर’ का किया उद्घाटन,पूर्व पीएम देवगौड़ा के साथ पुस्तक भी जारी

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कर्नाटक के मांड्या जिले में स्थित श्री क्षेत्र आदिचुंचनगिरी में ‘श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर’ का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम उनके राज्य दौरे का हिस्सा था। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा के साथ मिलकर “सौंदर्य लहरी और शिव महिम्न स्तोत्रम्” पुस्तक का भी विमोचन किया।

यह मंदिर आदिचुंचनगिरी महासंस्थान मठ के 71वें पीठाधीश्वर श्री श्री श्री डॉ. बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी की स्मृति में बनाया गया है। द्रविड़ शैली में निर्मित यह मंदिर उनके जीवन और कार्यों को समर्पित है। इसे केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्थल के रूप में भी विकसित किया गया है।

डॉ. बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी को समाज सेवा के लिए व्यापक रूप से सम्मानित किया जाता था। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई संस्थानों की स्थापना की और समाज सेवा को सर्वोच्च धर्म माना। उनके विचारों ने जाति, धर्म और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर लाखों लोगों को प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने असम के प्रमुख त्योहार ‘रोंगाली बिहू’ की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार नए आरंभ, समृद्धि और एकता का प्रतीक है और असम की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को दर्शाता है।