पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में ईवीएम और वीवीपैट को लेकर विवाद गहरा गया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं ने आरोप लगाया है कि बिना पार्टी प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बैलेट बॉक्स खोले जा रहे हैं।
टीएमसी नेता शशि पांजा और कुणाल घोष ने कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर स्ट्रॉन्ग रूम के सामने धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां मौजूद लोगों की पहचान स्पष्ट नहीं है और प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है।
टीएमसी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग अंदर काम करते दिख रहे हैं, लेकिन पार्टी के प्रतिनिधियों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही। पार्टी ने इसे “लोकतंत्र की हत्या” बताते हुए भाजपा और भारत निर्वाचन आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
पार्टी ने यह भी कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंच सकती हैं।
इस बीच, स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। टीएमसी ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए विभिन्न तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, हालांकि इन आरोपों पर चुनाव आयोग या भाजपा की ओर से तत्काल प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।पश्चिम बंगाल में मतदान के दोनों चरण पूरे हो चुके हैं और मतगणना 4 मई को होनी है।

