विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी और PRCI जयपुर चैप्टर के बीच एमओयू,मीडिया और जनसंपर्क के क्षेत्र में विद्यार्थियों को मिलेंगे नए अवसर

Jaipur Rajasthan

जयपुर। विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी एवं पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (पी.आर.सी.आई.), जयपुर चेप्टर के मध्य पत्रकारिता, जनसंपर्क, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन एवं मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में अकादमिक एवं व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देने हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण, शोध, इंटर्नशिप एवं व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय एवं पी.आर.सी.आई. के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) एन.डी. माथुर, उप-कुलपति प्रो. डी.वी.एस. भगवाननुलु, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. धीरज सिंह तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष दीपक प्रसाद उपस्थित रहे। वहीं पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया, जयपुर चेप्टर की ओर से अध्यक्ष सोमेंद्र हर्ष, सचिव सन्नी कुलश्रेष्ठ एवं सह सचिव डॉ. राहुल बाबू कोडाली सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सचिन प्रताप सिंह, रमा चौधरी, डॉ. विकास कुमार एवं फाल्गुनी शर्मा सहित विश्वविद्यालय एवं पी.आर.सी.आई से जुड़े अनेक शिक्षाविदों एवं सदस्यों ने सहभागिता की।

एमओयू के अंतर्गत दोनों संस्थाएँ संयुक्त रूप से संगोष्ठी, कार्यशालाएँ, सम्मेलन, उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र, अतिथि व्याख्यान, शोध गतिविधियाँ एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करेंगी। साथ ही विद्यार्थियों को जनसंपर्क, विज्ञापन एवं कॉर्पोरेट संचार के क्षेत्र में इंटर्नशिप एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया एवं जनसंपर्क उद्योग तीव्र परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से भी परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है। यह सहयोग विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा तथा उन्हें रोजगार एवं करियर की नई संभावनाओं से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगा।

पी.आर.सी.आई. प्रतिनिधियों ने इस पहल को मीडिया शिक्षा एवं प्रोफेशनल नेटवर्किंग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से युवा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचार एवं जनसंपर्क की नई प्रवृत्तियों को समझने का अवसर मिलेगा।

एमओयू के माध्यम से दोनों संस्थाएँ संयुक्त शोध परियोजनाओं, प्रकाशनों, मीडिया अभियानों एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रमों पर भी कार्य करेंगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद एवं लाइव प्रोजेक्ट्स पर कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी कार्य दक्षता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास हो सकेगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने इस साझेदारी को शिक्षा एवं उद्योग जगत के मध्य मजबूत समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया तथा भविष्य में इसे और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।