केंद्र सरकार ने बुधवार को कई बड़े बुनियादी ढांचा और कृषि संबंधी फैसलों को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCEA) की बैठक में गुजरात में देश की पहली सेमी हाई-स्पीड रेल परियोजना, नागपुर एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाने जैसे अहम निर्णय लिए गए।
गुजरात में अहमदाबाद (सरखेज)-ढोलेरा सेमी हाई-स्पीड डबल लाइन रेल परियोजना को मंजूरी दी गई है। करीब 20,667 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना 2030-31 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। 134 किलोमीटर लंबी यह लाइन अहमदाबाद, ढोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (SIR), प्रस्तावित ढोलेरा एयरपोर्ट और लोथल राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर को जोड़ेगी। सरकार का कहना है कि यह भारतीय रेलवे की पहली स्वदेशी तकनीक आधारित सेमी हाई-स्पीड रेल परियोजना होगी और भविष्य में देशभर में ऐसी परियोजनाओं के लिए मॉडल का काम करेगी।
सरकार के मुताबिक इस परियोजना से करीब 284 गांवों और लगभग 5 लाख लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही, तेल आयात और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आने का दावा किया गया है।
वहीं, केंद्रीय कैबिनेट ने नागपुर के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और विस्तार को भी मंजूरी दी है। एयरपोर्ट को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की जमीन की लीज अवधि बढ़ाई गई है, जिससे GMR नागपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (GNIAL) को 30 वर्षों तक एयरपोर्ट संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
सरकार का कहना है कि MIHAN परियोजना के तहत नागपुर एयरपोर्ट को मध्य भारत के बड़े एविएशन और कार्गो हब के रूप में विकसित किया जाएगा। चरणबद्ध तरीके से इसकी क्षमता बढ़ाकर सालाना 3 करोड़ यात्रियों तक पहुंचाने की योजना है।
इसके अलावा, सरकार ने मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के MSP में बढ़ोतरी को भी मंजूरी दी। सबसे अधिक बढ़ोतरी सूरजमुखी बीज पर 622 रुपये प्रति क्विंटल की हुई है। इसके बाद कपास पर 557 रुपये, नाइजरसीड पर 515 रुपये और तिल पर 500 रुपये प्रति क्विंटल MSP बढ़ाया गया है।
सरकार के अनुसार, MSP वृद्धि का उद्देश्य किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करना है। नई दरों में धान का MSP 2441 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जबकि अरहर का MSP 8450 रुपये और मूंग का MSP 8780 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है।

