भरतपुर/जयपुर, 25 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को भरतपुर में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि भरतपुर हमारी ऐतिहासिक विरासत है, इसलिए विकास और धरोहर संरक्षण के कार्य बेहतर कार्ययोजना के साथ सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के साथ ही फील्ड विजिट बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी के दृष्टिगत पेयजल, बिजली और चिकित्सा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकर व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को विभागीय योजनाओं में लंबित प्रकरणों के संदर्भ में संबंधित संवेदकों और ठेकेदारों पर पेनल्टी लगाने और धारा 91 के तहत रिपोर्ट भिजवाने के लिए निर्देशित भी किया।
उन्होंने जिले में सुचारू एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए ट्रांसफार्मर के लोड फिक्सेशन और नए ट्रांसफार्मर लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने सीएचसी और पीएचसी में आवश्यक दवाइयों की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करने, गर्मी से बचाव के लिए आमजन को जागरूक करने तथा फूड इंस्पेक्टरों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बुनियादी सेवाएं और सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए अधिकारी और कार्मिक टीम भावना के साथ कार्य करें।
प्राचीन कुंडों का करें पुनरुद्धार
मुख्यमंत्री ने कहा कि भरतपुर की भौगोलिक स्थिति कटोरे के समान है, इसलिए बरसात के समय जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अधिकारी बेहतर प्लानिंग करें। उन्होंने जिला कलेक्टर को निर्देश दिए कि एक विशेष टीम गठित कर शहर की सड़कों पर जलभराव के कारणों का मुआयना करें और स्थायी समाधान निकालें। उन्होंने शहर के प्राचीन कुंडों का पुनरुद्धार और पौधारोपण के संबंध में भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिले में एनीकट, नहरों और पोखरों का जीर्णाेद्धार करने तथा कच्ची नहरों की सफाई सुनिश्चित की जाए। वहीं, शहर में चल रहे गैस पाइपलाइन कार्य की प्रगति का फीडबैक लेते हुए उन्होंने इसे गति प्रदान करने तथा अन्य निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की जन सुनवाई, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री ने भरतपुर सर्किट हाउस में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। जन सुनवाई में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जन समस्याओं के निराकरण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। जन सुनवाई के पश्चात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के अनुरूप मुख्यमंत्री ई-बस से जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में पहुंचे।
समीक्षा बैठक में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक डॉ. शैलेश सिंह, नौक्षम चौधरी, बहादुर सिंह कोली, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार, भरतपुर प्रभारी सचिव आनंदी, संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, आईजी कैलाश बिश्नोई, भरतपुर जिला कलेक्टर कमर उल जमान चौधरी, डीग जिला कलेक्टर मयंक मनीष, बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, भरतपुर पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा और डीग पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

