गंगादशमी पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बंध बरेठा बांध पर किया जल पूजन,बोले- ‘जल संरक्षण सुरक्षित भविष्य की कुंजी’

Bharatpur Rajasthan Rajasthan-Others

भरतपुर/जयपुर, 25 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ के पहले दिन सोमवार को गंगादशमी के पावन अवसर पर भरतपुर स्थित बंध बरेठा बांध पर विधिवत् एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल पूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बंध बरेठा बांध की पाल के कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से परियोजना के विस्तार एवं उन्नयन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि अधिकाधिक क्षेत्रों में जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने जल प्रबंधन को आधुनिक तकनीक एवं पारंपरिक ज्ञान के समन्वय से मजबूत बनाने पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जल संकट के स्थायी समाधान के लिए दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य कर रही है जिससे राजस्थान जल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। प्रदेश में तालाबों, बांधों, बावड़ियों एवं अन्य जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से भी जल बचाने एवं जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक बहादुर सिंह कोली, ऋतु बनावत, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।