राजस्थान में नशे के खिलाफ ANTF का बड़ा अभियान,स्कूल-कॉलेजों में शुरू हुई ‘लक्ष्मण रेखा’

Jaipur Rajasthan


राजस्थान में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने राज्यव्यापी जागरूकता अभियान “लक्ष्मण रेखा” शुरू किया है। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है।

ANTF के आईजी विकास कुमार ने कहा कि इस पहल का मकसद केवल नशा तस्करों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना भी है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में राज्यभर के 19 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 3 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया।

अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों के आसपास 500 मीटर के दायरे को “नशामुक्त क्षेत्र” बनाने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही छात्र स्वयंसेवकों और शिक्षकों की मदद से जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं।

ANTF के अनुसार, अभियान में 109 छात्र स्वयंसेवक और 49 शिक्षक जोड़े गए हैं, जबकि 3,211 लोगों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रमों में एनजीओ और स्थानीय संस्थानों की भी भागीदारी रही।

आईजी विकास कुमार ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रहा है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए समाज की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि “लक्ष्मण रेखा” अभियान राज्य में नशामुक्त वातावरण बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।