जोधपुर: रक्तदान शिविर से युवा संस्कार शिविर तक,संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने सामाजिक और विकासात्मक कार्यक्रमों में लिया हिस्सा

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने गुरुवार को एक दिन में कई सार्वजनिक और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने सांगरिया में आयोजित रक्तदान शिविर, राष्ट्रीय युवा संस्कार शिविर के समापन समारोह और जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े विकास मुद्दों पर चर्चा की।

सांगरिया में पूर्व सरपंच स्वर्गीय ओमाराम देवड़ा की 26वीं पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर में मंत्री पटेल और राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने शिरकत की। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि “रक्तदान महादान है और रक्त की एक-एक बूंद मानव जीवन के लिए अनमोल है।” उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील करते हुए इसे समाज के लिए सकारात्मक संदेश बताया।

इसके बाद जोधपुर के शिकारपुरा स्थित श्री राजाराम आश्रम में आयोजित चतुर्थ राष्ट्रीय युवा संस्कार शिविर और वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में मंत्री पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही राष्ट्र की उन्नति का आधार है और शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से नशा मुक्ति केंद्रों, युवा साथी केंद्रों और खेल प्रोत्साहन से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

दिन के अंतिम कार्यक्रम में मंत्री जोगाराम पटेल ने जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी से मुलाकात की। इस दौरान लूणी विधानसभा क्षेत्र में रेलवे अंडर ब्रिज के निर्माण सहित विभिन्न रेलवे संबंधी मांगों पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरे होने से स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, जबकि रेल प्रशासन ने प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इन कार्यक्रमों के दौरान जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय अधिकारी भी मौजूद रहे।