उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने श्री गलता तीर्थ से ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ का किया शुभारंभ,25 मई से 5 जून तक चलेगा अभियान,जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 25 मई।
राजस्थान में जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को गंगा दशमी के पावन अवसर पर “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का जिला स्तरीय शुभारंभ जयपुर स्थित श्री गलता तीर्थ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पूजा-अर्चना, गंगा आरती और श्रमदान कर किया। इस अवसर पर चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ भी मौजूद रहीं।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान जैसे शुष्क और मरु प्रदेश में जल संग्रहण एवं संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 25 मई से 5 जून तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, जल संचयन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा इसे जन आंदोलन का रूप देना है। अभियान के तहत नवीन जल संरचनाओं का निर्माण, पारंपरिक जल स्रोतों का पुनरुद्धार, जल स्रोतों की साफ-सफाई और “हरियालो राजस्थान” महाअभियान की तैयारियां भी की जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा की अगुवाई की तथा गलता तीर्थ स्थित गौशाला में गायों को चारा खिलाकर गौसेवा भी की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

गंगा आरती के दौरान पूरा गलता तीर्थ परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से जल बचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस दौरान भाजपा प्रत्यासी रवि नैयर, जिला कलेक्टर संदेश नायक, जिला परिषद् मुख्यकार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर चतुर्थ आषीष कुमार, देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त रतनलाल योगी सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।