सचिन पायलट का राजस्थान सरकार पर निशाना, बोले-‘स्थानीय निकाय चुनाव टालकर जनता का हक छीना जा रहा’

Rajasthan Rajasthan-Others

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने राजस्थान सरकार पर पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव जानबूझकर टालने का आरोप लगाया है। टोंक जिले के बरवास और आसपास के गांवों के दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव टालकर सरकार “जनता का लोकतांत्रिक अधिकार” छीन रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोग बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों में उलझी हुई है। पायलट ने दावा किया कि प्रशासन पर सरकार की पकड़ कमजोर हो चुकी है और आमजन की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।

महिला सशक्तिकरण का मुद्दा उठाते हुए पायलट ने कहा कि पंचायतों और निकायों में महिलाओं को मिला प्रतिनिधित्व कांग्रेस की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की वकालत करते हुए संसद और विधानसभाओं में आरक्षण की आवश्यकता दोहराई।

टोंक दौरे के दौरान पायलट ने विधायक कोष से बने विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें स्कूल के नए कक्षा-कक्ष और एक एनिकट मरम्मत कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहने के बावजूद टोंक के विकास कार्य जारी रहेंगे।