अमित शाह का बीकानेर बॉर्डर दौरा:‘ऑपरेशन सिंदूर’ में BSF की भूमिका सराही,सीमा सुरक्षा के लिए ‘चतुष्कोणीय ग्रिड’ पर जोर

Bikaner Front-Page National Rajasthan Rajasthan-Others

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के बीकानेर स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा पर BSF की सांचू पोस्ट का दौरा कर जवानों से संवाद किया और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने में BSF की भूमिका की सराहना की। उन्होंने सीमा सुरक्षा के लिए BSF, सेना, सीमांत नागरिकों और स्थानीय प्रशासन के “चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड” की जरूरत पर जोर दिया।

अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक, हाईटेक फेंसिंग, ड्रोन रोधी सिस्टम और लेटरल रोड जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राजस्थान की 180 सीमा चौकियों तक पाइपलाइन से पेयजल पहुंचाया जा चुका है और आने वाले छह महीनों में बॉर्डर पर एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने की शुरुआत होगी।

गृह मंत्री ने BSF के 2000 से अधिक शहीद जवानों को नमन करते हुए कहा कि देश उनकी वीरता और बलिदान का ऋणी है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध घुसपैठ, हथियारों और नारकोटिक्स की तस्करी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीमा से 50 किलोमीटर के दायरे में “असामान्य जनसांख्यिकीय बदलाव” और अवैध निर्माण पर भी सतर्क रहने को कहा।

इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे। अमित शाह और मुख्यमंत्री ने जवानों के साथ संवाद किया, महिला बैरकों का ई-लोकार्पण किया और सांचू माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद खेजड़ी का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।