पुष्कर प्रशिक्षण शिविर के बाद कांग्रेस का दावा:‘संगठन सृजन अभियान’ से राजस्थान में नई राजनीतिक ऊर्जा मिलेगी

Rajasthan Rajasthan-Others

जयपुर/पुष्कर। राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पुष्कर में ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर को राजस्थान कांग्रेस के इतिहास में एक मील का पत्थर बताया है। इस 10 दिवसीय शिविर में पूर्ण रूप से शामिल रहे नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस गहन प्रशिक्षण से पार्टी के जमीनी नेतृत्व में एक नई ऊर्जा और संकल्प का संचार हुआ है, जो आने वाले समय में राज्य में कांग्रेस को एक अभेद्य शक्ति के रूप में स्थापित करेगा।

शिविर के समापन के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के नेता आदरणीय राहुल गांधी ने वर्चुअल माध्यम से शिविर को संबोधित किया। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में राजस्थान में कांग्रेस के नेतृत्व और आपसी समन्वय की खुलकर सराहना की। उन्होंने राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष (LoP) के बीच के आपसी तालमेल और मिलकर काम करने की कार्यशैली को पूरे देश के लिए एक ‘बेहतरीन उदाहरण’ (Good Example) बताया।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राहुल गांधी के इन शब्दों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा:

“राहुल जी का यह प्रोत्साहन हमारे लिए बेहद गौरवपूर्ण है। राजस्थान में संगठन और विधायक दल पूरी एकजुटता के साथ जनता की आवाज उठा रहे हैं। हम इस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरेंगे और आपसी समन्वय के इसी उत्कृष्ट उदाहरण को बूथ स्तर तक लेकर जाएंगे।”

जूली ने बताया कि इस 10 दिवसीय शिविर के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव सचिन राव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक नेताओं ने नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को बेहद महत्वपूर्ण सांगठनिक ट्रेनिंग दी। शिविर में मुख्य रूप से गांधीवादी विचारधारा, कांग्रेस की मूल नीतियां, ऐतिहासिक कार्यक्रम और सिद्धांतों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीतियों पर विस्तार से मंथन हुआ।

जूली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा संगठन में मेहनत करने वालों को आगे बढ़ाया है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, AICC प्रभारी सुखजिन्दर रंधावा, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द डोटासरा और मैं स्वयं अपने-अपने जिले के कांग्रेस जिला अध्यक्ष रहे हैं। पार्टी सभी का काम देखती रहती है और उचित समय पर उन्हें नई जिम्मेदारी देती है। पार्टी जिला अध्यक्ष संगठन के कार्यक्रमों को लागू करने के लिए मुख्य कार्यपालक की भूमिका निभाते हैं।

भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पुरजोर आवाज उठाएगी कांग्रेस
नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शिविर में इस बात पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई कि किस तरह भाजपा द्वारा देश के पवित्र संविधान को कमजोर करने और नरेगा (NREGA) जैसी ऐतिहासिक व ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली योजनाओं को खत्म करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

जूली ने संकल्प दोहराया कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के इन अलोकतांत्रिक और जनविरोधी प्रयासों को कभी सफल नहीं होने देगी। प्रशिक्षण प्राप्त कर निकले सभी जिला अध्यक्ष अब अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़े होंगे। इस शिविर से निकले वैचारिक रोडमैप के जरिए राजस्थान कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता दोगुनी ताकत के साथ जनता के बीच जाएगा।