राजस्थान में छात्रों और युवाओं से जुड़े शिक्षा व रोजगार के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने राज्यव्यापी अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार की चुप्पी के खिलाफ यह अभियान चलाया जाएगा।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 17 जून को कोटा में ‘छात्रों की गूंज’ रैली के जरिए इस अभियान की शुरुआत की थी। अब प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर 20 से 27 जून के बीच राज्य की सभी जिला कांग्रेस कमेटियां प्रेस कॉन्फ्रेंस और जन प्रस्तुतियों का आयोजन करेंगी।
कांग्रेस के मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि इन कार्यक्रमों में राहुल गांधी की कोटा रैली में उठाए गए मुद्दों और उनके संदेश को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान में पार्टी के विधायक, सांसद, प्रवक्ता, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस समेत विभिन्न संगठन हिस्सा लेंगे।
पार्टी का कहना है कि इन आयोजनों में विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, शिक्षाविदों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि शिक्षा और रोजगार के संकट पर व्यापक संवाद हो सके।

