जयपुर में योगाचार्यों का सम्मान,उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बच्चों की प्रतिभा को भी सराहा

Jaipur Rajasthan

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जयपुर में भाजपा शहर इकाई ने “योग गुरु सम्मान समारोह” आयोजित किया, जिसमें उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने योगाचार्यों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी मजबूत आधार है।

दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और अब पूरी दुनिया इसकी महत्ता को स्वीकार कर रही है। उन्होंने लोगों से रोज़ाना योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने पिंकसिटी प्रेस क्लब के 15 दिवसीय बाल अभिरुचि शिविर के समापन समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने शिविर में भाग लेने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की।

कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के व्यक्तित्व विकास और रचनात्मकता को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की रुचि और प्रतिभा के अनुसार उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।