जयपुर के सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में 631 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात,4 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास

Jaipur Rajasthan

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर के सांगानेर में करीब 631 करोड़ रुपये की लागत से 1538 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिजली, पानी और नागरिक सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है, ताकि आम लोगों तक आधारभूत सुविधाएं सुलभता से पहुंच सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला रखेंगे। 13 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की इस परियोजना को राजधानी के यातायात और शहरी विकास के लिए अहम माना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जयपुर में परिवहन, सफाई और सीवरेज व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुहाना मोड़ फ्लाईओवर, बंबाला में एसटीपी, पृथ्वीराज नगर में उपनगर अस्पताल और भांकरोटा में ट्रोमा सेंटर जैसी परियोजनाओं की भी शुरुआत की गई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के तहत उपभोक्ताओं को संपत्ति कार्ड भी आवंटित किए। उन्होंने कहा कि ड्रोन सर्वे के ज़रिए अब तक 8 हज़ार से ज़्यादा गांवों में करीब 14 लाख मालिकाना हक कार्ड जारी किए जा चुके हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने सांगानेर के त्रिपोलिया बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की और इलाके के 115 धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए 50 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने इसे ‘विकास भी, विरासत भी’ के विजन का हिस्सा बताया।