जयपुर में जर्जर मकान ढहा,बुजुर्ग महिला की मौत,बहू घायल

Jaipur Rajasthan

राजस्थान की राजधानी जयपुर के पुराने शहर में गुरुवार सुबह एक जर्जर मकान गिरने से दर्दनाक हादसा हुआ। सुभाष चौक थाना क्षेत्र के झिलाई हाउस में हुए इस हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी बहू गंभीर रूप से घायल हुई हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह करीब 7 बजे मकान अचानक ढह गया। उस समय घर में बुजुर्ग धन्नीबाई और उनकी बहू सुनीता मौजूद थीं। दोनों मलबे में दब गईं। पड़ोसियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। धन्नीबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनीता को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया।

मौके पर मौजूद बच्चों ने बताया कि हादसे के समय वे बाहर खेल रहे थे। उन्होंने कहा कि “जब मकान गिरा तो मम्मी दादी के ऊपर लेट गई थीं और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्ला रही थीं।”

नोटिस को लेकर विवाद

नगर निगम की डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस मकान को गिराने के लिए 12 अगस्त को नोटिस जारी किया गया था। लेकिन मकान मालिक प्रदीप शाह ने दावा किया कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला। शाह ने कहा कि उन्होंने बुजुर्ग महिला को उनकी इच्छा पर मकान की रखवाली के लिए रखा था और उन्हें हर महीने 5,000 रुपये देते थे।

वहीं, स्थानीय विधायक बालमुकुंदाचार्य ने मकान मालिक के दावों को खारिज करते हुए कहा कि नोटिस दिया गया था और ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में पहले भी हुआ हादसा

यही नहीं, इसी क्षेत्र में 12 दिन पहले एक और जर्जर हवेली गिर गई थी, जिसमें बाप-बेटी की मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने नगर निगम और प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।