आरोपी को पेश करने जाते हुए:सीसीटीवी फुटेज से चेन स्नैचर गिरफ्तार,कई वारदातें खुलने की संभावना

Rajasthan

टी.आर सैनी
नैनवां, 29 जून। नैनवां थाना पुलिस ने पिछले दिनों महिला के गले से सोने का मांदलिया छीनने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए बंटी उर्फ डल्फा (23) पुत्र भंवरलाल, निवासी माताजी का झोपड़ा, देई को गिरफ्तार किया।
सीआई सहदेव मीणा ने बताया कि 23 जून को मांडू की गली में महिला लाड़ बाई के गले से सोने का मांदलिया छीनने की घटना हुई थी। पीड़िता की रिपोर्ट पर नैनवां थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी नैनवां के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं नकबजनी के कई प्रकरण दर्ज हैं। उससे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। मामले में अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई में सीआई सहदेव मीणा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मुकेश कुमार तथा कांस्टेबल मुकेश, कमलेश और विनोद की विशेष भूमिका रही।