ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के विरोध में आंदोलन तेज होगा,108 गांवों में होंगे धरने-प्रदर्शन

Rajasthan

नैनवां/29 जून। कोटपूतली से किशनगढ़ तक प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे को निरस्त कराने की मांग को लेकर रविवार को रींगस के निकट सरगोठ स्थित कान्हा होटल में किसान महापंचायत की रणनीतिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय करते हुए 108 गांवों में धरने, ज्ञापन, रैलियां और बड़े प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने कहा कि प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे आमजन की आवश्यकता नहीं, बल्कि मुट्ठी भर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाली परियोजना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे किसानों की आजीविका, कृषि भूमि और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा तथा गांवों की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता भी प्रभावित होगी।
बैठक में मौजूद किसानों ने “जमीन हमारी, रोड तुम्हारी नहीं बनेगी” और “जान दे देंगे, लेकिन जमीन नहीं देंगे” जैसे नारे लगाते हुए परियोजना का विरोध जारी रखने का संकल्प दोहराया।
महापंचायत ने बताया कि पिछले सितंबर से आंदोलन लगातार जारी है।