राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 47.288 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार भी जब्त की गई है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
ANTF के आईजी विकास कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एम.एन. के निर्देशन में चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी पहले मोबाइल रिचार्ज की दुकान चलाता था, लेकिन बाद में गांजे की तस्करी में शामिल हो गया। वर्ष 2020 के आसपास उसकी ओडिशा के तस्करों से पहचान हुई, जिसके बाद वह वहां से गांजा लाकर राजस्थान और मध्य प्रदेश में उसकी सप्लाई करने लगा।
आईजी विकास कुमार के अनुसार, ANTF को सूचना मिली थी कि आरोपी पिछले छह-सात वर्षों से बड़े पैमाने पर गांजे की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने कई दिनों तक निगरानी की और उत्तर प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश करते समय वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में बनाए गए विशेष मॉडिफाइड बॉक्स से गांजा बरामद किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ओडिशा से कम कीमत पर गांजा खरीदकर राजस्थान और मध्य प्रदेश में कई गुना अधिक कीमत पर बेचते थे। बरामद वाहन और दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
आईजी विकास कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी ANTF को दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

