बिड़ला सभागार में राष्ट्रीय शिक्षा रत्न सम्मान 2026 का आयोजन,उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान,शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव

Jaipur Rajasthan

जयपुर।
बिड़ला सभागार में स्वर्णकार सेवा दल की ओर से आयोजित राष्ट्रीय शिक्षा रत्न सम्मान 2026 समारोह में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना तथा समाज में शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना रहा।

समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रमाण-पत्र, मेडल, स्मृति-चिह्न एवं स्टेशनरी भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल अकादमिक सफलता तक सीमित न रहकर सामाजिक, नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों को भी अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने स्वर्णकार सेवा दल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों को मंच प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य सराहनीय है। ऐसे सम्मान समारोह बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

दिया कुमारी ने सभी समाजों और सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि वे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के आयोजन करें, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।