कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को खातौली में 71 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर भी उपस्थित रहे। बिरला ने कहा कि इस क्षेत्र में जो बुनियादी चीजों का लंबे समय तक अभाव था हम एक एक करके उन सबको पूरा करने का काम कर रहे हैं। एक समय था जब यहां आवागमन के पर्याप्त रास्ते नहीं थे लेकिन अब यह सड़क कनेक्टिविटी से जुड़ने वाला क्षेत्र बनेगा। झरेल पुलिया का कार्य पूरा होने के बाद यह क्षेत्र सीधे सवाई माधोपुर से जुड़ जाएगा और लोग मात्र 20-25 मिनट में वहां पहुंच सकेंगे। मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय कर श्योपुर को जोड़ने के लिए 70 करोड़ रुपये की पुलिया भी स्वीकृत करवाई गई है। इससे खातौली से श्योपुर-बड़ौदा की दूरी भी काफी कम हो जाएगी। सड़क कनेक्टिविटी कोटा-बून्दी की समृद्धि और खुशहाली का सबसे बड़ा आधार बनेगी।
माता-बहनों की परेशानी खत्म होगी
बिरला ने कहा कि बरसों तक इस क्षेत्र के लोग ट्यूबवेल और हैंडपंप का पानी पीते रहे। कई जगह फ्लोराइड की समस्या थी और पीने के पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। अब नौनेरा बांध से हर घर तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हर घर नल योजना के माध्यम से गांवों को भी शहर जैसा शुद्ध पानी मिलेगा।
132 के.वी. की मिली सौगात
कार्यक्रम के दौरान बिरला ने 36 करोड़ की लागत के132 केवी जीएसएस का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बिजली की समस्या भी गंभीर थी। बार-बार ट्रिपिंग होती थी लेकिन अब खातौली क्षेत्र में 132 केवी का नया जीएसएस बनने के बाद बिजली की समस्या समाप्त होगी। जहां आवश्यकता होगी वहां अतिरिक्त 33 केवी सब-स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे।
टेल क्षेत्र तक पहुंचेगा पानी
बिरला ने कहा कि 25 करोड़ रुपए की लागत से नहरों का सुदृढ़ीकरण और सफाई का कार्य कराया जा रहा है ताकि अंतिम छोर तक पानी पहुंचे। जहां पानी नहीं पहुंचता वहां ईआरसीपी योजना के माध्यम से हर खेत तक पानी पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उपजिला चिकित्सालय का कार्य शुरू हो चुका है, इसके निर्माण से खातौली क्षेत्र के नागरिकों को कोटा-माधोपुर उपचार के लिए नहीं जाना होगा। खातौली क्षेत्र में डॉक्टरों की कमी को भी दूर किया जाएगा।
इन विकास कार्यों की मिली सौगात
कार्यक्रम के दारौन क्षेत्रवासियों को 132 केवी जीएसएस, जोरावरपुरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बालूपा में उप स्वास्थ्य केन्द्र , स्टेट हाईवे-70 का दो लेन से चार लेन चौड़ीकरण, विभिन्न गांवों को जोड़ने वाली नई सड़कें, पुलियों का जीर्णोद्धार, संपर्क मार्ग, कृषि उपज मंडी खातौली का विकास, हाट बाजार एवं सब्जी मंडी, राजीविका सीएलएफ भवन, सामुदायिक भवन, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, मुक्तिधाम विकास, पेयजल और पर्यटन स्थल झरेल के बालाजी का विकास कार्यों की सौगात मिली।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर सहित अन्य वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान पूर्व मंत्री रामगोपाल बैरवा, महिला मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता रजनी सोनी, मार्केटिंग अध्यक्ष इटावा अर्जुनलाल मीणा, मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र सुमन, पूर्व प्रधान मानवेन्द्र सिंह, एस.टी. मोर्चा प्रदेश महामंत्री अशोक मीणा, प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश मीणा, आशा त्रिवेदी, पवन हाड़ा, सुल्तान बैरवा, लेखराज बैरवा,रणजीत आर्य आदि मौजूद रहे।

