रिपोर्टर:हर्षित नागदा
जयपुर: लगातार हो रही बारिश के बीच जयपुर के कई इलाकों में जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या सामने आई है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कें उखड़ने और बड़े-बड़े गड्ढे बनने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ है।
प्रताप नगर क्षेत्र में हालात अधिक गंभीर बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई कॉलोनियों में बारिश का पानी जमा है। वहीं, नारायणा हॉस्पिटल से खंडेलवाल ढाबा होते हुए भैरव सिंह सर्किल तक, जो टोंक रोड को महल रोड से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, वहां सड़क पर कई गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और वाहन चालकों को सावधानी के साथ गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि खराब सड़कों और जलभराव की वजह से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना आने-जाने वाले नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह वाहनों की लंबी कतारें भी देखी जा रही हैं।
क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर मानसून में ऐसी स्थिति बन जाती है। उनका कहना है कि इससे सड़क निर्माण की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े होते हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) से क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

