न्यूज़ीलैंड में भारतीय समुदाय से बोले पीएम मोदी,’भारत-न्यूज़ीलैंड साझेदारी का भविष्य और मजबूत होगा’

Front-Page International National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूज़ीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित ‘किया ओरा मोदी’ कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत और न्यूज़ीलैंड के रिश्तों को साझा मूल्यों, खेल, व्यापार और लोगों के बीच संबंधों पर आधारित बताते हुए कहा कि दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी का भविष्य और अधिक मजबूत होगा।

कार्यक्रम में न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय मूल के लोगों की न्यूज़ीलैंड के विकास में भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासी भारतीय दोनों देशों के बीच भरोसे और सहयोग का महत्वपूर्ण सेतु हैं।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने करीब 25-30 वर्ष पहले न्यूज़ीलैंड की यात्रा का एक निजी अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें उपहार में मिला एक मफलर आज भी उन्होंने संभालकर रखा है, जो दोनों देशों के बीच आत्मीय संबंधों का प्रतीक है।

मोदी ने कहा कि आज का दौर सहयोग का है और भारत तथा न्यूज़ीलैंड खेल, अंतरिक्ष, शिक्षा और नई तकनीकों जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को और आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत रग्बी जैसे खेलों में न्यूज़ीलैंड के अनुभव से सीखना चाहता है, जबकि अंतरिक्ष क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच सहयोग की नई संभावनाएं हैं।

प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय से भारत की संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने तथा दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने सिख इतिहास का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के परिवार द्वारा लगभग 300 वर्षों तक संरक्षित रखे गए गुरु गोबिंद सिंह और माता साहिब कौर के पवित्र ‘जोड़े साहिब’ को पटना साहिब में स्थापित किए जाने की कहानी भी साझा की और प्रवासी भारतीयों से भारत यात्रा के दौरान पटना साहिब जाने का आग्रह किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें दोनों देशों ने व्यापार, शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य भी रखा। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा समाप्त कर भारत के लिए रवाना हो गए।