ईरान और इज़राइल के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिका ने रविवार तड़के ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हवाई हमला किया है। भारतीय समयानुसार यह हमला सुबह 4:30 बजे हुआ। जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें फोर्डो, नतांज और इस्फहान शामिल हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “फोर्डो पर बमों की एक पूरी खेप गिरा दी गई है। सभी विमान सुरक्षित लौट रहे हैं। हमारे बहादुर अमेरिकी सैनिकों को बधाई। दुनिया की कोई और सेना ऐसा नहीं कर सकती थी। अब शांति का समय है।”
अपने संबोधन में ट्रंप ने ईरान से युद्ध समाप्त करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने शांति की राह नहीं अपनाई, तो और भी बड़े हमले किए जाएंगे।
13 जून से अब तक 657 लोगों की मौत : रिपोर्ट
ईरान-इज़राइल संघर्ष को अब दस दिन हो चुके हैं। अमेरिकी मानवाधिकार संगठन के मुताबिक, 13 जून से अब तक ईरान में 657 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालांकि ईरानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने 430 नागरिकों की मौत और 3,500 घायलों की पुष्टि की है।
इज़राइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने शनिवार को दावा किया कि उसने ईरान के तीन सैन्य कमांडरों और चार जवानों को मार गिराया है। इसके अलावा, अब तक 10 ईरानी न्यूक्लियर साइंटिस्ट्स की हत्या की जा चुकी है।
वहीं, इज़राइल में अब तक 24 लोगों की जान गई है और 900 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
तनाव के इस बढ़ते दौर में अंतरराष्ट्रीय समुदाय की निगाहें अब दोनों देशों के अगले कदम पर टिकी हैं।

