जयपुर।
राजधानी जयपुर में श्री जगन्नाथ सेवक समिति की ओर से आयोजित पावन श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरीभाऊ बागड़े और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रथ में विग्रहों के विराजमान होने से पूर्व विधि-विधान से रथ पूजा की तथा भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि श्री जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल होकर महाप्रभु के दर्शन और पूजा-अर्चना का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली की कामना की।
दिया कुमारी ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की दिव्य रथ यात्रा सनातन संस्कृति, आस्था, सेवा और लोककल्याण की भावनाओं को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी पर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता का भी संदेश देते हैं।
कार्यक्रम में यात्रा के संयोजक देब ज्योति , ओ पी राजपुरोहित , अरुण अग्रवाल ,ज्योति सागर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे ।

