जयपुर के विद्याधर नगर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर फागोत्सव और ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सनातन संस्कृति संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और उन्हें होली तथा महिला दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
दिया कुमारी ने कहा कि समाज के निर्माण, संस्कारों के संरक्षण और परिवार की मजबूत नींव रखने में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार नारी शक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण ही समृद्ध और विकसित समाज की आधारशिला है।
कार्यक्रम में फागोत्सव के रंगारंग प्रस्तुतियों और भजनों से माहौल उत्सवमय रहा। इस अवसर पर भावनाथ जी महाराज, प्रकाश दास जी महाराज, कार्यक्रम संयोजक भवानी शर्मा, विभिन्न मंडल अध्यक्ष, पार्षद, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएँ मौजूद रहीं।

