कोटा 18 जूलाई । “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), कोटा के अधिकारियों ने दिनांक 18.07.2026 को जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के नेटावल महाराज–ओदुंद मार्ग पर एक हुंडई क्रेटा कार को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें से 07 बोरियों में भरा कुल 136.150 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया।
उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा (राज.) नरेश बुन्देल ने बताया की सीबीएन, कोटा को सूचना प्राप्त हुई थी कि राजस्थान पंजीकरण संख्या वाली एक हुंडई क्रेटा कार नेटावल महाराज–ओदुंद क्षेत्र से सीकर की ओर अवैध डोडा चूरा लेकर जा रही है। सूचना के आधार पर दिनांक 17.07.2026 की सायंकाल सीबीएन, कोटा के अधिकारियों की एक टीम का गठन कर उसे संदिग्ध मार्ग पर रवाना किया गया तथा उक्त मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी गई।
उन्होंने बताया कि संदिग्ध वाहन की पहचान होने पर सीबीएन अधिकारियों ने उसे रोकने की कोशिश की, किन्तु चालक ने वाहन नहीं रोका तथा तेज गति से भागने का प्रयास किया। लगभग 300 मीटर तक पीछा करने के दौरान वाहन को रोकने के उद्देश्य से सीबीएन अधिकारियों द्वारा पिस्टल एवं ट्राइका राइफल से चेतावनी स्वरूप फायर किए गए। इसके पश्चात वाहन में सवार व्यक्ति वाहन को सड़क पर छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए भागने का प्रयास करने लगा, किन्तु सीबीएन अधिकारियों की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया ।
सुरक्षा की दृष्टि से सड़क पर वाहन की तलाशी लेना संभव न होने के कारण वाहन को सीबीएन, कोटा कार्यालय लाया गया। कार्यालय में वाहन की तलाशी लेने पर उसके भीतर रखी 07 बोरियों से कुल 136.150 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।
कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत बरामद अवैध डोडा चूरा एवं हुंडई क्रेटा कार को जब्त कर लिया गया तथा एक आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
उन्होंने बताया की “नशा मुक्त भारत अभियान” की शून्य-सहनशीलता नीति के अंतर्गत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध तस्करी नेटवर्क एवं ड्रग कार्टेल्स को पूर्णतः समाप्त करना है। उन्होने बताया की यदि किसी के पास नशा एवं मादक पदार्थ की तस्करी से संबंधित कोई जानकारी हो तो वह सीबीएन के निंयंत्रण कक्ष पर 0744-2438928 या व्हाटसएप नंबर 8764748232 पर संर्पक कर सकता है या ई मेल dnc-kota@cbn.nic.in पर जानकारी साझा कर सकता है। जानकारी देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।
…….

